Suicide case: राजस्थान के अलवर में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। सदर थाना क्षेत्र की ‘अपना घर शालीमार’ आवासीय सोसायटी में एक पिता ने कथित तौर पर अपने दोनों बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। घटना में पिता मोहित (35) और उसके छह वर्षीय बेटे विवान की मौत हो गई, जबकि साढ़े तीन साल की बेटी कृषा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पत्नी की मौत के बाद बिगडा खेल: मोहित के साले राहुल ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी बहन की अचानक मौत हो गई थी। इसके बाद से मोहित मानसिक तनाव में रहने लगे थे। रविवार रात मोहित ने राहुल को मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, “वी आर गोइंग।” राहुल ने जब पूछा कि कहां जा रहे हो, तो मोहित ने जवाब दिया, “ऊपर।” मैसेज के बाद राहुल फ्लैट पर पहुंचा तो मोहित और दोनों बच्चे अचेत हालत में मिले।
मोहित ने राहुल से बच्चों को बचाने की बात कही। राहुल तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मोहित और विवान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में कृषा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मोहित ने बताया कि उसके जीजा ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसका कोई पता नहीं चला है। हां इतना जरूर की उसकी बहन की मौत के बाद वह मानसिक तनाव में रहता था।
सदर थाना प्रभारी विजेंद्र ने बताया कि पिता और बेटे के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। बच्ची का उपचार चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार मोहित करीब एक साल पहले परिवार के साथ अलवर आया था और शालीमार सोसायटी में किराए के फ्लैट में रह रहा था। इससे पहले वह परिवार के साथ जोधपुर में रहता था और बीएसएनएल में काम करता था।













