कोसली, 18 सितंबर। बाबू बालमुकुंद गुप्त की पुण्यतिथि के अवसर पर विजय एकता मंच की ओर से डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल, नई दिल्ली के सहयोग से गांव गुड़ियानी में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। 300 से अधिक लोगों ने पंजीकरण करवाकर आंखों की जांच कराई। जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे के उपचार के लिए चिकित्सकीय सलाह दी गई।

शिविर का शुभारंभ कोसली थाना प्रभारी एसएचओ विद्यासागर ने रिबन काटकर किया। उन्होंने बाबू बालमुकुंद गुप्त के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में मोतियाबिंद पाए गए मरीजों के ऑपरेशन नि:शुल्क करवाए जाएंगे। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मे और दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों की नियमित जांच और देखभाल के संबंध में जरूरी जानकारी दी।

विजय एकता मंच के चेयरमैन विजय गुड़ियानी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग आर्थिक कारणों से समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए गांव में शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद के मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन करवाने की व्यवस्था की जाएगी। मंच की ओर से भविष्य में भी स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविर में बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही।














