
धारूहेड़ा (Best24News): औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ चोरों ने अब नंदरामपुर बास रोड स्थित रामनगर में एक बंद मकान को अपना निशाना बनाया। चोर घर का ताला तोड़कर 2 लाख 10 हजार रुपये नकद, 1 किलो चांदी और करीब 10 तोले सोने के जेवरात चोरी कर रफूचक्कर हो गए। घटना के समय पीड़ित मकान मालिक परिजनों के साथ राजस्थान स्थित अपने पैतृक गांव गया हुआ था। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
राजस्थान गांव गए थे परिजन, सुबह लौटे तो टूटा मिला ताला
धारूहेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रमोद कुमार (मूल निवासी गांव ब्रह्मपुर, जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान) ने बताया कि वह वर्तमान में रामनगर गली नंबर-1, बास रोड धारूहेड़ा में रहते हैं और यहां भैंसों की डेयरी चलाते हैं। वह परिजनों के साथ अपने गांव गए हुए थे। उनके छोटे भाई के बच्चे घर पर ही थे, जो दूसरे कमरे में सो रहे थे। गुरुवार सुबह जब प्रमोद अपने गांव से वापस धारूहेड़ा पहुंचे तो कमरे का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला और अंदर अलमारी व सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
फसल बिक्री के पैसों पर भी चोरों ने फेरा हाथ
पीड़ित प्रमोद ने पुलिस को बताया कि चोर घर की अलमारी से करीब 2,10,000 रुपये नकद (जिसमें ₹1.80 लाख हाल ही में बाजरा फसल बेचने के मिले थे और ₹30 हजार घर के दैनिक खर्च के लिए रखे थे)। करीब 1 किलो चांदी और 10 तोले सोने के कीमती जेवरात ले उड़े।
ये भी पढ़ें:राजकीय महाविद्यालय खरकड़ामें खो-खो चैंपियनशिप का समापन, मेजबान टीम ने जीता पुरुष वर्ग का खिताब
धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ित प्रमोद की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
