रेवाड़ी: रेवाड़ी के एसडीएम के खिलाफ सोमवार से वकीलों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जोरदार प्रदर्शन करते हुए वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। अधिवक्ताओं के धरना प्रदर्शन पर बैठने के कारण जिला में 20 न्यायाधीश एवं अन्य राजस्व अदालत तथा उपभोक्ता अदालत का कामकाज पूर्ण रूप से ठप्प रहा।
पार्किग स्थल में धरना प्रदर्शन शुरू
वकीलों ने कहा कि जब तक एसडीम सुरेश कुमार का तबादला नहीं तब तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने 16 अप्रैल से एसडीएम का तबादला करने की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा हुआ है। गत 6 मई को एसडीएम का पुतला भी फूंका गया था। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव के नेतृत्व में सोमवार को स्थाई रूप से अधिवक्ताओं ने पार्किग स्थल में धरना प्रदर्शन सुबह 10 बजे से जारी किया, जो शाम तक जारी रहा। वकीलों ने कहा कि यह धरना जब तक एसडीएम का तबादला नहीं हो जाता तब तक जारी रहेगा।
एसडीएम की कार्यशैली को शर्मनाक बताया
इस मौके पर अधिवक्ताओं ने एसडीम सुरेश कुमार पर भ्रष्टाचार एवं दुर्व्यवहार करने के कई गंभीर आरोप लगाए और सभी अधिवक्ताओं ने अपने-अपने अनुभव सांझा करते हुए एसडीएम की कार्यशैली को शर्मनाक बताया। प्रधान विश्वामित्र यादव ने बताया कि इससे पूर्व भी वह उच्च न्यायिक अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन पिछले तीन मास से अधिक समय से जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने यह धरना प्रदर्शन की कार्रवाई शुरू की है।
तबादला नही तो जारी रहेगी हडताल
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं का मान सम्मान के लिए यह धरना प्रदर्शन जब तक एसडीएम का तबादला नहीं हो जाता तब तक के लिए जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि भ्रष्ट अधिकारी को वह किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं कर सकते। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्टांप ड्यूटी अदा करने के मामले में एसडीएम मनमानी करते हैं और भ्रष्टाचार करते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और अपमानित भाषा का प्रयोग करते हैं। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के सैकड़ो अधिवक्ताओं ने धरने में बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।













