रेवाड़ी: जिले के गांव गुड़ियानी में जन्मे यशस्वी साहित्यकार एवं मूर्धन्य पत्रकार स्व. बाबू बालमुकुंद गुप्त की स्मृति में हिंदी स्मृति पखवाड़े का शुभारंभ सीहा के सरकारी स्कूल में आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया। हिंदी पत्रकारिता के मसीहा तथा हिंदी गद्य के जनक गुप्त जी की स्मृति में आयोजित किए जा रहे इस हिंदी सप्ताह का समापन हिंदी दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के एक विशेष समारोह में किया जाएगा। सप्ताह का शुभारंभ खंड खोल के कार्यवाहक बीईओ एवं साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया ने किया। इस अवसर पर विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए आयोजन समिति बाबू बालमुकुंद गुप्त पत्रकारिता एवं साहित्य संरक्षण परिषद् के अध्यक्ष ऋषि सिंहल ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान जिले के करीब दो दर्जन शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीयता के अग्रदूत तथा भारतेंदु युग की सेनापति गुप्त जी के हिंदी साहित्य भाषा एवं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा।
अध्यक्षीय संबोधन में श्री नाहड़िया ने गुप्त जी की जन्मभूमि गांव गुड़ियानी, उनके पैतृक हवेली, हिंदी साहित्य,भाषा व पत्रकारिता में उनके योगदान से जुड़े बेहद प्रेरक रोचक प्रसंग सुनाए।
इस अवसर पर गुप्त जी पर निबंध, काव्यपाठ, भाषण, पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। हिंदी प्राध्यापिका सीमा, सोनू, शशि कपूर तथा शक्ति सिंह ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। वरिष्ठ प्राध्यापक हरीश कुमार ने परिषद् तथा आयोजन में सहयोगी रहे स्टाफ सदस्यों का आभार ज्ञापित किया।












