रेवाड़ी (Best24News): हरियाणा NCR क्षेत्र में घरों से मवेशी चुराने वाले एक शातिर गिरोह के मास्टरमाइंड को नाहड़ पुलिस चौकी ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना (मोहल्ला दरबार खुर्द) निवासी रिजवान उर्फ तेली के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में पहले ही गिरोह के दो अन्य सदस्यों—मुजफ्फरनगर निवासी रिजवान और हसनपुर निवासी नदीम को गिरफ्तार कर चुकी है।
गांव भड़गी से चोरी हुई थीं 4 भैंसें
मामला कोसली थाना क्षेत्र के गांव भड़गी का है। पीड़ित किसान अभय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 7 जनवरी की शाम उन्होंने अपनी चार भैंसों को घर के आंगन में बांधा था। अगली सुबह जब वे जागे तो चारों भैंसें गायब थीं। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोसली थाने में मामला दर्ज कराया।
पूछताछ में खुला मास्टरमाइंड का नाम, 1 दिन के रिमांड पर आरोपी
मामले की जांच कर रही नाहड़ चौकी पुलिस ने जब पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की, तो इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सूत्रधार रिजवान उर्फ तेली का नाम सामने आया।नाहड़ चौकी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रिजवान उर्फ तेली को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
1 दिन का रिमांड: पुलिस ने कोर्ट से आरोपी का 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गिरोह के अन्य साथियों और चोरी की गई भैंसों की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।












