धारूहेड़ा: सेक्टर-6 स्थित श्री नर्मदेश्वर मंदिर परिसर में रविवार को धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ बजरंग बली की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई तथा हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

कलश यात्रा और हवन-यज्ञ का आयोजन
मंंदिर के संस्थापक डीके शर्मा ने बताया कि शुरुआत रविवार सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। गाजे-बाजे और धार्मिक भजनों के साथ निकाली गई कलश यात्रा में महिलाओं व श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया।

विधि-विधान से हुई मूर्ति स्थापना
हवन और पूजा-अर्चना के पूर्ण होने के उपरांत विद्वान पंडितों के सानिध्य में विधि-विधान से बजरंग बली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। मूर्ति स्थापना के बाद मंदिर परिसर ‘जय श्री राम‘ और ‘जय बजरंग बली’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।












