धारूहेड़ा : मसानी पंचायत घर में मसानी बैराज प्रदूषण और साहाबी नदी के पर्यावरण संरक्षण, गंदे पानी से हो रहे प्रदूषण के समाधान और उपचार को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मास्टर धर्म पाल निखरी ने की। संयोजक कमल सिंह यादव ने एजेंडा रखा। मसानी बैराज पर्यावरण समिति संयोजक एवं पूर्व वन अधिकारी ने बताया कि रेवाड़ी से जड़थल तक पाइपलाइन दबाकर गंदा पानी जडथल तक साहाबी नदी में डाला जा रहा है। मसानी बैराज से मोजाबाद गांव तक भी गंदा पानी निकालने के लिए पाइप डाली जा रही है।

मसानी बैराज पर्यटन स्थल को किया विकसित
बैठक में मांग पत्र में संशोधन की बात रखी गई। कहा गया कि मांग पूरी करने के लिए जडथल से मसानी बैराज तक करीब 6 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन दबाई जाए। इससे गंदे पानी की समस्या का स्थाई समाधान होगा। प्रभावित गांवों को गंदगी से राहत मिलेगी। दूसरी मांग रखी गई कि, जवाहरलाल नेहरू कैनाल से लाल बहादुर शास्त्री कैनाल के रास्ते जडथल रिचार्ज में साफ पानी डालकर इसे दोबारा शुरू किया जाए। इससे इलाके में खुशहाली आएगी। मसानी बैराज पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा। यह जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित है।
दावा किया गया कि यह हिंदुस्तान का पहला पर्यटन स्थल होगा, जहां टूरिस्ट नेशनल हाईवे से सीधे आएंगे। वेटलैंड तक एप्रोच रोड का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। ट्रैक्टर यात्रा 3 अगस्त को गांव मसानी से निकाली जाएगी। तैयारी और लोगों को जोड़ने के लिए 15 सदस्यों की कमेटी बनाई गई।

30 जुलाई को फिर समीक्षा बैठक
कमेटी 26 जुलाई को जीतपुरा, खालियावास, खरखड़ा में लोगों से संपर्क करेगी। 27 जुलाई को तीतरपुर, मसानी डूंगरवास, रसगन डूंगरवास में संपर्क होगा। 28 जुलाई को निखरी, भडसाना, निगानियावास में संपर्क किया जाएगा। 29 जुलाई को रालियावास, पचगांव, जडथल में लोगों से ट्रैक्टर यात्रा में भाग लेने की अपील की जाएगी। 30 जुलाई को फिर समीक्षा बैठक होगी।
ये रहे मौजूद: बता दे इसको लेकर तैयारी पर दोबारा विचार किया जाएगा। इस मौके पर नवल पूर्व सरपंच, संजय सिंह सरपंच मसानी, निहाल नंबरदार खरखड़ा, रामफल व हनीस शर्मा जीतपुरा, दिनेश व राजेश रसगन, बिसन नंबरदार रालियावास, शेरसिंह व देवेन्द्र निगानियावास, वैभव यादव भटसाना, धीरज यादव ब्लॉक समिति मेंबर व महाबीर खलियावस मौजूद रहे।














