रेवाड़ी : राजस्थान के कारोली के के हिंडौन से चलकर मां वैष्णो देवी को जा रही 16वीं पदयात्रा का जत्था बुधवार को रेवाड़ी पहुंचा। शहर के आजाद चौक स्थित शिव मंदिर में पुजारी सुमन भारद्वाज तथा की अगुवाई में पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया। सायं के समय श्रद्धालुओं ने महामाई के नारों व भजनों पर नृत्य कर यात्रा को झज्जर के लिए रवाना किया।
रेवाड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत
मां वैष्णो देवी भक्त मंडल के बैनर तले भारी संख्या में श्रद्धालुगण 16 जुलाई को कारोली से चले थे। छठे दिन यह यात्रा रेवाड़ी पहुंची। यहां आजाद चौक स्थित शिव मंदिर में यात्रा का स्वागत किया गया। दिन में विश्राम व प्रसाद ग्रहण करने के बाद यात्रा सायं के समय झज्जर के लिए रवाना हुई। यात्रा की अगुवाई कर रहे मोहन बेनीवाल, गुड्डु सोनी व बीरबल आदि ने बताया कि करीब 980 किलोमीटर की यह यात्रा वह लगभग एक माह में पूरी करेंगे।

रोजाना करेगे 40 किलोमीटर पद यात्रा
प्रतिदिन 35 से 40 किलोमीटर की यात्रा पदयात्रियों द्वारा की जा रही है। यह उनकी 16वीं यात्रा है। पिछले 15 सालों से वे लगातार इस यात्रा को हर्षोल्लास के साथ संचालित करते आ रहे हैं। पूरी यात्रा के दौरान तमाम जिलों व प्रदेशों में मां के भक्तों का अपार स्नेह व सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष रेवाड़ी में पंडित सुमन भारद्वाज शिव मंदिर परिसर में पदयात्रियों की विशेष व्यवस्था करते आ रहे हैं।
मा वैष्णो के लगे जयकारे
मंदिर पुजारी पंडित सुमन भारद्वाज, मां के भक्त दिनेश शर्मा व महेंद्र कोहली ने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस यात्रा का मंदिर परिसर में स्वागत के साथ-साथ विश्राम व भोजन आदि की व्यवस्था की जा रही है। पदयात्रियों की संख्या कभी अधिक व कभी कम होती रहती है, लेकिन भक्तों के जोश व उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई देती। उन्होंने यह भी बताया कि इस यात्रा में 25 साल से लेकर 65 साल से अधिक आयु के श्रद्धालुगण शामिल हैं। सायं के समय यात्रा को गीत व नृत्य के साथ पदयात्रियों को रवाना किया गया।













