भिवाड़ी : जैसे-जैसे मानसून रफ्तार पकड़ रहा है वैसे-वैसे भिवाड़ी की स्थिति खराब हो रही है। भिवाड़ी में कई जगह बारिश का पानी जमा हो गया है जिसकी वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। भिवाड़ी बायपास और सिंह द्वारा के आसपास काफी ज्यादा पानी भरा हुआ है वहीं कई जगहों पर तो सड़कों पर ढाई से 3 फीट तक पानी भर गया है जिसकी वजह से छोटे वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभी मानसून की शुरुआत हुई है ऐसे में अब लोगों की चिंता यह है कि आने वाले समय में स्थित कितनी खराब होगी।
बारिश के बाद ट्रैफिक पर पड़ा असर
जलभराव की वजह से भिवाड़ी बाईपास और आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। जल भराव के वजह से पैदल सफर करने में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ड्रेनेज व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
मानसून की शुरुआत के पहले प्रशासन के द्वारा दावा किया जा रहा था कि इस बार मानसून में किसी भी तरह की समस्या नहीं होगी लेकिन जैसे ही बारिश हुई जगह-जगह जल भराव हो गया वहीं कई जगह नालियों में भी पानी भर गया जिससे प्रशासन की तैयारी पर सवाल उठने लगा है।बारिश के बाद एक बार फिर शहर की जलनिकासी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज बारिश होते ही प्रमुख मार्गों पर पानी भर जाता है, जिससे हर मानसून में यही स्थिति बन जाती है।
बीमारियों का भी बढ़ने लगा है खतरा
भिवाड़ी में लगातार पानी भरने की वजह से परेशानियां काफी ज्यादा बढ़ने लगी है। डेंगू और चिकनगुनिया जैसे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है जिसको लेकर हेल्थ डिपार्टमेंट के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है।













