रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा दावों में सिमटी: रेवाड़ी में घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली जगह

On: August 28, 2026 8:36 AM
Follow Us:
रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा दावों में सिमटी: रेवाड़ी में घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली जगह, प्राइवेट बसों की रही चांदी

रेवाड़ी (Best24News): रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा महिलाओं को दी गई मुफ्त बस यात्रा की सौगात रेवाड़ी बस अड्डे पर अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। रेवाड़ी डिपो द्वारा अपनी सभी 155 बसों को सड़कों पर उतारने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद बस अड्डे पर पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घंटों इंतजार के बाद भी सीट तो दूर, पैर रखने की जगह नहीं

रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाइयों को राखी बांधने जाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बच्चों व परिजनों के साथ रेवाड़ी बस अड्डे पहुंचीं। रोडवेज बसों की संख्या यात्रियों के मुकाबले बेहद कम साबित हुई। बस स्टैंड पर बसों के पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए महिलाओं और पुरुषों को भारी आपाधापी के बीच दौड़ लगानी पड़ी। घंटों इंतजार के बाद जो बसें आईं, वे पहले से ही खचाखच भरी हुई थीं। कई महिलाएं भीड़ के कारण बस में चढ़ ही नहीं पाईं और निराश होकर उन्हें वापस घर लौटना पड़ा। यात्रियों की इस लाचारी का सीधा फायदा प्राइवेट बस चालकों ने उठाया, जहां मनमाना किराया वसूलने और प्राइवेट गाड़ियों की चांदी होने की स्थिति देखने को मिली।

28 अगस्त आधी रात 12 बजे तक जारी रहेगी मुफ्त यात्रा

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू हुई है जो 28 अगस्त की आधी रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
विभाग को उम्मीद है कि दूसरे दिन यानी 28 अगस्त को दिनभर मुफ्त सफर का लाभ मिलने के चलते यात्रियों को भीड़भाड़ से थोड़ी राहत मिल सकती है।

किराया वसूलने वाले कंडक्टरों पर होगी कार्रवाई

यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने सख्त हिदायत जारी की है। महिलाओं की सुविधा के लिए सभी निर्धारित स्टॉप पर बसों को रोकना अनिवार्य किया गया है। यदि कोई भी परिचालक (Conductor) फ्री यात्रा की समयावधि के दौरान महिलाओं से किराया लेता पाया गया तो उससे तुरंत स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

“योजना अच्छी, लेकिन धरातल पर इंतजाम अधूरे”

बस अड्डे पर इंतजार कर रही महिलाओं का कहना था कि सरकार की फ्री यात्रा योजना बेहद सराहनीय है, लेकिन डिपो अधिकारियों को त्योहार पर बढ़ने वाली भीड़ के अनुसार बसों के फेरे (Trips) और बैठने के उचित इंतजाम करने चाहिए थे। धरातल पर पर्याप्त बसें न होने से त्योहार के दिन खुशी की जगह महिलाओं को मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ी।

आधा घंटे से कर रही हूं इंतजार’

महिला रजंनी ने कहा कि मैं पिलानी से आई हूं और झाडली जाना है। आधा घंटा से यहां बस का इंतजार कर रही हूं। एक बस आई थी, उसमें भीड़ इतनी थी कि चढ़ने की जगह नहीं मिली। रेवाड़ी की रेखा यादव ने कहा कि उसे पटौदी जाना है, 15 मिनट से बस का इंतजार कर रही हूं। अभी तक तो कोई बस आई नहीं है। देखते है, कब तक इंतजार करना पड़ता है। रेवाड़ी की सरोज ने कहा कि उसे पटौदी जाना है। करीब आधा घंटा हो गया। एक बस आगे से निकल चुकी है। अब यहां खड़ी होकर दूसरी बस के आने का इंतजार कर रही हूं। देखते है कब दूसरी बस आएगी।

 

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now

          संबंधित समाचार