रेवाड़ी: हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने शुक्रवार को रेवाड़ी में 30 नई एम्बुलेंस गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दे कि एम्बुलेंस के संचालन से रेवाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी।

एम्बुलेंस रवाना करने के दौरान रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली विधायक अनिल यादव तथा बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, धारूहेड़ा के चेयरमैन अजय जांगडा भी मंच पर उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध होना कई बार मरीज की जान बचाने में निर्णायक साबित होता है।
एम्बुलेंस बेडा होगा मजबूत
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत एम्बुलेंस बेड़े को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी, गर्भवती महिलाओं और अन्य आपातकालीन मामलों में मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया। नई एम्बुलेंस के संचालन से रेवाड़ी जिले के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों के माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और दक्षता दोनों में सुधार होगा तथा जरूरतमंद मरीजों को पहले की तुलना में अधिक तेजी से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।














