Rewari News: रेवाड़ी में एक छोटी कहासूनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दिन में चाय पीते समय एक विवाद शुरू हुआ इसके बाद युवक पर फायरिंग कर दी गई। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
होटल पर शुरू हुआ था विवाद
गांव मंदोला निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने कुछ परिचितों के साथ गांव भोजावास स्थित एक होटल पर बैठा था। इसी दौरान उसकी गांव के ही एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मौके पर मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ भोजन के बाद टहलने निकला था। जब वे आरोपी के घर के सामने से गुजर रहे थे, तभी आरोपी बाहर आया और पुरानी रंजिश के चलते गुस्से में घर के अंदर जाकर हथियार ले आया।
मारने के नियत से हुई फायरिंग
आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली शिकायतकर्ता को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन वह उसके भाई को लग गई। घटना में कुछ छर्रे शिकायतकर्ता और उसके साथ मौजूद युवक को भी लगे। गोली लगने से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















