Election News: आगामी 10 मई को होने वाले नगर निकाय और पंचायती राज उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है।चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने की, जिसमें जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने असामाजिक और उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा।
इसके साथ ही सभी लाइसेंसधारकों को अपने हथियार अनिवार्य रूप से जमा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष गश्त और विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी बढ़ाने पर जोर दिया गया। खासतौर पर मादक पदार्थों, अवैध शराब और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने और वहां सुरक्षा व मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा। जहां भी कोई कमी पाई जाए, उसे तत्काल प्रभाव से दूर करने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में डीएसपी मुख्यालय डॉ. रविंद्र सिंह, डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी कोसली विद्यानंद और डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार समेत जिले के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि उपचुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।





















