हरियाणा में वाहन चालकों को अब सफर के लिए पहले से अधिक टोल शुल्क देना होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के निर्देशों के बाद करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार, पानीपत और झज्जर सहित कई टोल प्लाजा पर नई टोल दरें लागू कर दी गई हैं। कार, जीप, बस, ट्रक और अन्य व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में 5 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार मंगलवार रात से संशोधित शुल्क के हिसाब से टोल वसूली शुरू हो गई है।
करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर अब कार और जीप के लिए एक तरफ का टोल 200 रुपये और आने जाने का शुल्क 295 रुपये कर दिया गया है। वहीं एलवीसी यानी मिनी बस श्रेणी के वाहनों के लिए सिंगल टोल 320 रुपये और रिटर्न 480 रुपये होगा।
ट्रक और बस के लिए एक तरफ का शुल्क 670 रुपये तथा आने जाने का शुल्क 1005 रुपये तय किया गया है। सात एक्सल वाले भारी वाहनों का मासिक पास बढ़कर 42,575 रुपये हो गया है, जो पहले 41,315 रुपये था। हालांकि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय वाहन मालिकों को पहले की तरह रियायती मासिक पास की सुविधा मिलती रहेगी।
जीटी रोड स्थित बसताड़ा टोल पर पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार टोल दरों में बढ़ोतरी हुई है। मार्च में कार का एक तरफ का टोल 185 रुपये था, जिसे मई में 190 रुपये किया गया और अब जुलाई से 200 रुपये कर दिया गया है। वहीं कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित थाना टोल प्लाजा पर भी 27 मार्च के बाद दूसरी बार दरों में संशोधन किया गया है।
इन वाहनों पर नही बढ़ा रेट
यहां लाइट वेट और सात एक्सल वाहनों के टोल में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कार और जीप के टोल में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया। उधर हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर भी नई दरें लागू होने के बाद विभिन्न श्रेणी के वाहनों के टोल शुल्क में 5 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम यात्रियों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।













