सावन के महीने में हरियाणा के तमाम जिलों में जमकर मेघ बरस रहे हैं। राज्य में लगातार होने वाली बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं कई जिलों में जल भराव की समस्या भी देखने को मिल रही है जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। अगस्त के महीने में राज्य में मौसम वैज्ञानिकों ने अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में भी बारिश का असर रहेगा
रेवाड़ी के अलावा गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, झज्जर, चरखी दादरी, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में भी मौसम बदला रहेगा। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के भी आसार हैं। बादलों की आवाजाही पूरे दिन बनी रहने की संभावना जताई गई है।
निचले इलाकों में जलभराव की आशंका
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरों के निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या सामने आ चुकी है। यदि दिन में तेज बारिश होती है तो रेवाड़ी सहित अन्य शहरों में भी कुछ स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करने की सलाह दी गई है।
तापमान में गिरावट से लोगों को मिली राहत
बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। पिछले दिनों की तुलना में मौसम काफी सुहावना बना हुआ है और गर्म हवाओं की जगह ठंडी बयार चल रही है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई।













