धारूहेड़ा (Best24News): जिला पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ‘नशामुक्त रेवाड़ी’ के संकल्प को दोहराते हुए सीआईए धारूहेड़ा, डॉग स्क्वॉड और थाना धारूहेड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने रविवार को धारूहेड़ा के विभिन्न संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलसुबह विशेष सर्च व चेकिंग अभियान चलाया।

अचानक लगाया सर्च अभियान: यह विशेष चेकिंग अभियान थाना धारूहेड़ा क्षेत्र स्थित टाउन पार्क, नंदरामपुर बास रोड तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रबंधक निरीक्षक फूल कुमार तथा सीआईए इंचार्ज निरीक्षक योगेश हुड्डा ने किया। भारी पुलिस बल के साथ उतरी टीमों ने संदिग्ध मकानों, ठिकानों और सार्वजनिक स्थानों की बारीकी से तलाशी ली।
जनता से अपील: 112 या 1933 पर दें सूचना: रेवाड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जिले को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी नागरिक को अपने आसपास नशा बेचने, तस्करी करने या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत ‘डायल 112’ या मानस (MANAS) हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचित करें। सूचना देने वाले नागरिक का नाम व पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।












