
Haryana News: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप सी भर्ती के लिए सीईटी करेक्शन पोर्टल खोल दिया है, लेकिन इस फैसले से हजारों उम्मीदवारों की परेशानी बढ़ गई है। आयोग ने साफ कर दिया है कि केवल वही उम्मीदवार अपने आरक्षित वर्ग के प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं जिनके सर्टिफिकेट 14 जून या उससे पहले जारी किए गए हों।
सरल पोर्टल की खामी से फंसे उम्मीदवार
जुलाई में हुई सीईटी परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों को तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था। सरकारी सरल पोर्टल महीनों तक बंद रहने के कारण अनेक उम्मीदवार अपने कैटेगरी सर्टिफिकेट अपलोड नहीं कर सके। मजबूरी में उन्होंने जनरल कैटेगरी से आवेदन कर दिया। अब जब करेक्शन पोर्टल खुला है, तब भी उन्हें सुधार का अवसर नहीं मिला क्योंकि उनके सर्टिफिकेट जून के बाद बने थे।
इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित वे लाखों उम्मीदवार हैं जो रिजर्व कैटेगरी से आते हैं और सरकारी पोर्टल के ठप रहने की वजह से अपडेट नहीं कर पाए। अप्रैल से जून के बीच करीब दो महीने तक पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ी ने उनके करियर पर सवाल खड़ा कर दिया। अब आयोग की तय सीमा ने उनकी उम्मीदों पर फिर पानी फेर दिया है।
ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़: स्कूटी पर कर रहा था नशा सप्लाई, जानिए कैसे चढ़ा हत्थे ?
आयोग का सख्त रुख
आयोग की ओर से किसी भी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया गया है। HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि 14 जून के बाद के सर्टिफिकेट किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि नियम सबके लिए समान हैं और इसमें कोई छूट नहीं दी जाएगी।
आवेदनों की इस गड़बड़ी के कारण अब भर्ती परिणाम में भी देरी हो सकती है। कई अभ्यर्थी आयोग से नई तारीख तय करने या तकनीकी समस्या के शिकार उम्मीदवारों को एक और मौका देने की मांग कर रहे हैं। लेकिन फिलहाल आयोग अपने निर्णय पर अडिग दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें:राजस्थान से हरियाणा में अफीम लेकर आ रहे तस्कर चढ़े हत्थे ?
