Haryana news: रेवाड़ी। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टेन अजय सिंह यादव कैप्टन अजय सिंह यादव के रेवाड़ी स्थित निवास स्थान पर आज पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह बृजेंद्र सिंह पहुंचे, जहां दोनों नेताओं ने मीडिया से रूबरू होते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना न खरीदने और विदेशी यात्राएं न करने की अपील पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं 15 मई को विदेशी दौरे पर जा रहे हैं, जबकि देश की जनता को विदेश यात्रा से बचने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश में कोई संकट या आर्थिक चुनौती आती है, तो सबसे पहले प्रधानमंत्री और सरकार को खुद अपने ऊपर उस नियम को लागू करना चाहिए, उसके बाद जनता से त्याग और सहयोग की अपेक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने हर कठिन समय में सरकार का साथ दिया है। कोविड महामारी के दौरान लोगों ने भारी परेशानियां झेलीं, नोटबंदी में घंटों लाइनों में खड़े रहे, महंगाई और बेरोजगारी के बावजूद सरकार के हर फैसले में सहयोग किया। जनता हमेशा देशहित में त्याग करने को तैयार रहती है, लेकिन सरकार को भी जनता के दर्द और परेशानियों को समझना चाहिए।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने आशंका जताई कि प्रधानमंत्री के इस प्रकार के बयान कहीं आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की भूमिका तो नहीं बना रहे। उन्होंने कहा कि पहले ही रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, जिसके कारण हर घर का बजट बिगड़ चुका है। गैस महंगी होने से हर जरूरी वस्तु के दाम बढ़ गए हैं और आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि अब पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ाए गए तो परिवहन से लेकर खाने-पीने और रोजमर्रा की हर वस्तु और अधिक महंगी हो जाएगी, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की “सद्भाव यात्रा” को पूरे हरियाणा में भारी समर्थन मिल रहा है और स्वयं राहुल गाँधी राहुल गांधी ने भी इस यात्रा की सराहना की है। उन्होंने कहा कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों का कार्यक्रम अभी शेष है, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बृजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भारत की विदेश नीति पूरी तरह कमजोर हो चुकी है और देश के अंतरराष्ट्रीय संबंध लगातार खराब होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को जो सीख दे रहे हैं, उसे सबसे पहले स्वयं अपने ऊपर लागू करें।
दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार केवल भाषण और प्रचार की राजनीति कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। जनता अब भाजपा सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है।























