
Haryana: जिले के सिविल अस्पताल में अब गंभीर रोगियों को नई सुविधा मिलने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को 12 अत्याधुनिक बेड भेजे हैं, जिन्हें दूर से ऑपरेट किया जा सकता है। ये बेड ऑपरेशन थिएटर और ICU वार्ड में स्थापित किए गए हैं। इन बेड्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन्हें सीधे मरीज की स्थिति के अनुसार मूव किया जा सकता है। इससे गंभीर स्थिति में भर्ती रोगियों और सर्जरी के बाद अस्पताल में रहने वाले मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा।
सिविल अस्पताल के SMO डॉ. सुरेश बुरोलिया ने बताया कि उन्होंने कई बार अत्याधुनिक बेड्स की मांग की थी, जिसके बाद विभाग ने 12 नए बेड्स भेजे। प्रत्येक बेड की कीमत ₹1,15,000 है। ये बेड पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। मरीजों को बेड पर ही सेंट्रल ऑक्सीजन पाइपलाइन से ऑक्सीजन उपलब्ध होगी। इसके साथ ही बेड्स में कंप्यूटरीकृत स्क्रीन लगी हैं, जो मरीज की स्थिति पर नजर रख सकती हैं।
दूरसंचालित संचालन और आपातकालीन सुविधा
इन बेड्स को पूरी तरह से रिमोट से ऑपरेट किया जा सकता है। ऑपरेशन के दौरान मरीज को बैठाना, उठाना और शरीर की स्थिति बदलना आसान हो जाएगा। बेड की ऊँचाई, झुकाव और स्थिति को मरीज की स्थिति के अनुसार तुरंत एडजस्ट किया जा सकता है। ये बेड बिजली गुल होने की स्थिति में भी काम करेंगे क्योंकि इनमें लगभग 15 मिनट की बैटरी बैकअप सुविधा मौजूद है।
ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़: स्कूटी पर कर रहा था नशा सप्लाई, जानिए कैसे चढ़ा हत्थे ?
ICU और ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल
बेड के पैरों में पहिए लगे होने के कारण इन्हें ICU से ऑपरेशन थिएटर में ले जाना और ऑपरेशन के दौरान भी मरीज को मूव करना आसान होगा। इससे मरीजों को बार-बार उठने-बैठने की परेशानी नहीं होगी। वर्तमान में 6 बेड ICU वार्ड में और 6 ऑपरेशन थिएटर के पास एक कमरे में लगाए गए हैं। इस कदम से अस्पताल की सुविधा और मरीजों की सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी, और गंभीर मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक इलाज मिलेगा।
