हरियाणा में बिजली बिल मैपिंग पोर्टल ठप, अटकी ये योजनाएं

On: September 5, 2026 8:34 PM
Follow Us:
हरियाणा में बिजली बिल मैपिंग पोर्टल ठप, अटकी ये योजनाएं

हरियाणा (Best24News): हरियाणा में बिजली निगम की फैमिली आईडी (PPP – Parivar Pehchan Patra) से  बिजली बिल मैपिंग पोर्टल करने और गलत कनेक्शन हटाने वाली आधिकारिक वेबसाइट पिछले करीब एक महीने से ठप पड़ी है। ऑनलाइन पोर्टल बंद होने के कारण प्रदेशभर के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को अपनी फैमिली आईडी में बिजली कनेक्शन जुड़वाने या गलत तरीके से दर्ज हुए कनेक्शन को हटवाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सोलर नेट मीटर की प्रक्रिया पूरी तरह अटकी

वेबसाइट बंद होने का सबसे गंभीर असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जिन्होंने सरकार की योजना के तहत 2 किलोवाट क्षमता वाले स्टेट सब्सिडी सोलर सिस्टम लगवाए हैं। कई उपभोक्ताओं के घरों में सोलर सिस्टम स्थापित हुए एक महीने से अधिक का समय हो चुका है।

नेट मीटरिंग रुकी: फैमिली आईडी में बिजली बिल मैप न होने के कारण बिजली निगम द्वारा नेट मीटर लगाने की आगे की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी तरह रुक गई है। उपभोक्ता अपनी समस्या के समाधान के लिए लगातार बिजली निगम (DHBVN/UHBVN) के कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने से अधिकारी भी बेबस नजर आ रहे हैं। गलत बिजली बिल मैपिंग से बीपीएल (BPL) कार्ड और सरकारी योजनाओं पर संकट खडा हो गया है।

पोर्टल ठप होने की वजह से एक और बड़ी प्रशासनिक गड़बड़ी सामने आ रही है। जिन परिवारों की फैमिली आईडी में किसी अन्य व्यक्ति का बिजली बिल गलत तरीके से मैप (Link) हो गया है, वे उसे हटवा नहीं पा रहे हैं। गलत बिल जुड़ने के कारण फैमिली आईडी में परिवार की वार्षिक आय (Annual Income) तय सीमा से अधिक दिखाई दे रही है। आय अधिक दर्ज होने के कारण कई गरीब परिवारों के बीपीएल (BPL) कार्ड कटने का खतरा मंडरा रहा है और वे अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।

उपभोक्ताओं ने उठाई जल्द पोर्टल शुरू करने की मांग
प्रदेशभर के प्रभावित उपभोक्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार व बिजली निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस तकनीकी खराबी को जल्द से जल्द दूर कर पोर्टल को पुनः चालू किया जाए, ताकि सोलर नेट मीटरिंग और बीपीएल संबंधी समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव है वर्तमान में वे Best24News के साथ जुड़े हुए हैं ताजा और विश्वसनीय खबरें प्रकाशित कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now