धारूहेड़ा (Best24News): दस लक्षण (पर्यूषण) पर्व के सफल समापन के उपरांत जैन समाज धारूहेड़ा द्वारा पावन ‘क्षमावाणी पर्व’ के अवसर पर एक भव्य प्रभात फेरी व शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में जैन समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी व शोभायात्रा निकाली मुख्य बाजार से शुरू होकर नसियाजी पर समाप्त हुई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने “मिच्छामि दुक्कडम्” का संदेश देते हुए एक-दूसरे से जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा याचना की और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश दिया।
जैन समाज के प्रबुद्ध जनों ने कहा कि ‘क्षमावाणी पर्व’ केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि आत्मा को शुद्ध करने और अहंकार को मिटाने का माध्यम है। “क्षमा वीरस्य भूषणम्” (क्षमा वीरों का आभूषण है) के सिद्धांत को अपनाते हुए सभी ने मन, वचन और काया से एक-दूसरे के प्रति वैमनस्य को भुलाकर क्षमा मांगी और क्षमा प्रदान की।
ये रहे मौजूद: इस पावन अवसर पर विजय कुमार जैन, लालचंद जैन, राजेंद्र प्रसाद जैन, कंवर सैन जैन, रजत जैन, विपिन जैन, संदीप जैन, मोहित जैन, सुभाष जैन, विकास जैन, प्रकाश जैन, महेंद्र जैन एवं मनीष जैन सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति व महिलाएं उपस्थित रहीं।










