धारूहेड़ा: औद्योगिक कस्बे के वार्ड नंबर 9 में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है। वार्ड नंबर 9 से पार्षद रंजन यादव ने जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए न केवल 15 साल से बने डंपिंग यार्ड को साफ करवाकर वहां पौधे लगवा दिए हैं, बल्कि हड़ताल के बीच अपने निजी खर्च पर पूरे वार्ड से कचरा उठवा रहे हैं।
पार्षद ने बताया कि वार्ड नंबर 9 में स्थित जिस स्थान पर पिछले 15 वर्षों से लगातार कूड़ा-कचरा फेंका जा रहा था और जो एक बदबूदार डंपिंग यार्ड बन चुका था, पार्षद रंजन यादव ने उसका कायाकल्प करने का बीड़ा उठाया। उस स्थान को पूरी तरह चमका दिया। गंदगी साफ करवाने के बाद वहां सुंदर पौधे रोपित किए गए हैं, जिससे अब वह जगह बीमारी का केंद्र बनने के बजाय हरियाली और शुद्ध हवा का जरिया बन गई है।

नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जहां शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, वहीं पार्षद रंजन यादव पिछले 13 दिनों से रोजाना अपने निजी बजट से मजदूर लगाकर वार्ड का कचरा उठवा रहे हैं, ताकि वार्ड वासियों को गंदगी और बदबू का सामना न करना पड़े।
डोर-टू-डोर जाकर लोगों को कर रहे जागरूक
केवल सफाई करवाने तक ही नहीं, पार्षद खुद घर-घर (Door to Door) जाकर वार्डवासियों से संवाद कर रहे हैं। वे लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने और अपने-अपने घरों में डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके इस समर्पण और सजगता के कारण वार्ड के निवासी भी अब स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर सहयोग दे रहे हैं।














