गुरूवार, 5 नवम्बर 2026

हरियाणा में सफाई कर्मियों को बड़ी सौगात, वेतन में बढ़ोतरी की घोषणा, देखें कितना बढ़ेगा वेतन ?

Written by: सुनील चौहान

Published:

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर सफाई कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके मासिक वेतन में 2100 रुपये…


Big gift to sanitation workers in Haryana salary hike announced see how much the salary will increase 1
Big gift to sanitation workers in Haryana salary hike announced see how much the salary will increase 1
Google News Follow us on Google

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर सफाई कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके मासिक वेतन में 2100 रुपये की वृद्धि की घोषणा की। इसके अलावा, सिरसा में बन रहे संत सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का नशा मुक्ति केंद्र बनाने की भी घोषणा की। साथ ही, डबवाली में स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 10 बेड की संख्या को बढ़ाकर 30 बेड करने और ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल के पास 30 बेड का नया नशा मुक्ति केंद्र बनाने की भी घोषणा की।

Advertisement

मुख्यमंत्री आज संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार प्रसार योजना के तहत जिला सिरसा में आयोजित संत शिरोमणि कबीर दास जयंती राज्य स्तरीय समारोह में उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र में सफाई कर्मियों के वेतन को चरणबद्ध तरीके से 5 सालों में 26 हजार तक बढ़ाने का संकल्प लिया है, इसके लिए सरकार कटिबद्ध है। संकल्प पत्र में जो हमने कहा है उसे हम पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर भारतीय संस्कृति की ‘सर्वधर्म समभाव’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ परम्परा के संवाहक और इतिहास के अनमोल रत्न थे। उनका जन्म ऐसे समय में हुआ, जब हमारा समाज अंधविश्वास, जात-पात और रूढ़िवादी परम्पराओं में जकड़ा हुआ था। संत कबीर ने अपने कर्म से वंदनीय स्थान प्राप्त किया। वे अपने समय के सबसे साहसी समाज-सुधारक थे। उन्होंने सभी धर्मों की कुरीतियों और रूढ़ियों पर कड़ी चोट की।

Advertisement

ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़: स्कूटी पर कर रहा था नशा सप्लाई, जानिए कैसे चढ़ा हत्थे ?

उन्होंने कहा कि संत कबीर दास जी जैसे संत-महात्माओं, ऋषि-मुनियों, पीर-पैगम्बरों और गुरुओं ने भूली-भटकी मानवता को जीवन का सच्चा रास्ता दिखाया है। ऐसी महान विभूतियों की शिक्षाएं पूरे मानव समाज की धरोहर हैं। उनकी विरासत को संभालने व सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधुनिक भारत के निर्माण में निभाई बड़ी भूमिका

ये भी पढ़ें:राजस्थान से हरियाणा में अफीम लेकर आ रहे तस्कर चढ़े हत्थे ?

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा संत कबीर जी के विचारों को आधुनिक भारत की नींव बताया है। संत कबीर जी के विचारों को आगे बढ़ाते हुए आजादी के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आधुनिक भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभाई है। पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीबों को सशक्त व मजबूत करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने भी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं और नीतियां लागू की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का मूल दर्शन ‘अंत्योदय’ है, पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति का उत्थान है। यही संत कबीर का मार्ग है, यही हमारी नीतियों का आधार है। आज हमारी ट्रिपल इंजन सरकार तीन गुणा रफ्तार से संत कबीर द्वारा दिखाए गए मार्ग पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब ‘वंचित अनुसूचित जाति’ के लिए आरक्षण के प्रावधान पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया तो हरियाणा सरकार ने उस निर्णय को प्रदेश में लागू करने का काम किया और डीएससी समाज को उसका हक दिया।

ये भी पढ़ें:रेवाड़ी: नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में पीयूष का चयन

सफाई कर्मियों का कल्याण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया है। सफाई कर्मियों के लिए सुरक्षा और गरिमा की गारंटी दी है। सफाई कर्मियों की उनकी ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने की स्थिति में 5 लाख रुपये और सीवरेज में काम करते समय मृत्यु होने की स्थिति में 10 लाख रुपये की बीमा राशि का प्रावधान किया है। इसके अलावा, एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत 5 हजार से अधिक सफाई कर्मियों को संबंधित पालिका के रोल पर लिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों की 2 लाख 60 हजार बेटियों की शादी पर 71-71 हजार रुपये शगुन राशि दी गई। मकान की मरम्मत के लिए ‘अम्बेडकर आवास नवीनीकरण योजना’ के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को मकान मरम्मत के लिए 80 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना के तहत अब तक 76,985 लाभार्थियों को 416 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

 

मुख्यमंत्री ने किया आह्वान, संत कबीर की वाणी को जीवन में अपनाएं, जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठ कर राष्ट्र निर्माण में दें सहयोग

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की भावना से लागू की गई सरकार की हर योजना, हर नीति, हर निर्णय में संत कबीर की भावना बसती है। संत कबीर जी की वाणी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थी। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि हम सभी यह संकल्प लें कि संत कबीर की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उनकी वाणी को न केवल याद रखेंगे, बल्कि अपने आचरण में भी उतारेंगे। जातिवाद, भेदभाव, ऊंच-नीच से ऊपर उठकर, हम ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ की ओर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डीएससी समाज को दिया उसका हक – कृष्ण कुमार बेदी

इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि संत कबीर जैसे महापुरुषों की शिक्षाएं आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने सत्य, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जिसे जन-जन तक पहुँचाना हम सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला अगस्त माह में आया था और सबसे पहले डीएससी समाज के हक में फैसला लागू करने का निर्णय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक डीएससी समाज को संघर्ष करना पड़ा। अनेक बार अन्य सरकारों और मुख्यमंत्रियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया गया, लेकिन समाधान के बजाय केवल आश्वासन और आंदोलन मिले। समाज के नेताओं को विरोध प्रदर्शन करने पड़े और कई आंदोलनकारियों को जेल तक जाना पड़ा। परंतु जो सपना कभी अधूरा था, उसे साकार करने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक जयंती नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का प्रतीक है। पूर्ववर्ती सरकारों ने सामाजिक संतों और महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा को महत्त्व नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने एक नई शुरुआत की, जिसके तहत महर्षि वाल्मीकि जयंती, संत रविदास, बाबा साहेब डॉ भीम राव अंबेडकर, संत कबीर और अन्य महापुरुषों की जयंतियां राज्य स्तर पर मनाई जा रही हैं।

संत कबीर की राह पर चल रही है सरकार – मोहन लाल कौशिक

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन केवल महापुरुष की जयंती का नहीं है, बल्कि एक ऐसे युगपुरुष की स्मृति का दिन है, जिन्होंने समाज को जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठाकर समरसता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि संत कबीर के विचार आज भी प्रेरणा देते हैं और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी उन्हीं के सिद्धांतों के अनुरूप समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने न केवल ओबीसी समाज को सशक्त किया है, बल्कि गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की आवाज़ बनकर उभरे हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि जब हरियाणा सरकार तीसरी बार बनी, तो कैबिनेट का पहला निर्णय डीएससी समाज के अधिकारों के हित में लिया गया। यह सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि धरातल पर काम करती है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र में 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया करवाने का का संकल्प लिया है, उस दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज के हित में रोजगार, शिक्षा और सम्मान के क्षेत्र में और भी बड़े निर्णय लिए जाएंगे।

‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से हर वर्ग का कल्याण कर रही हरियाणा सरकार – सुनीता दुग्गल

कार्यक्रम की संयोजक पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वर्षों से शोषित और वंचित समाज को एक नई पहचान, एक नई ताकत दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार जन सेवा के लिए समर्पित रहते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने संत कबीर की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह संत कबीर ने जात-पात के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि माना, उसी भावना से मुख्यमंत्री पूरे समाज को साथ लेकर चल रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, श्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला, विधायक श्री कपूर वाल्मीकि, श्री रणधीर पनिहार, स्वामी स्वदेश कबीर, पूर्व मंत्री श्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री श्री देवेंद्र बबली और पूर्व विधायक श्री दुड़ाराम सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

सुनील चौहान
About the Author सुनील चौहान

सुनील चौहान Best24News के संस्थापक एवं वरिष्ठ संपादक हैं। उन्हें रेवाड़ी, धारूहेड़ा और हरियाणा की स्थानीय पत्रकारिता का लगभग 10 वर्षों का अनुभव है। वे पहले दैनिक जागरण, राजस्थान पत्रिका, हरिभूमि और अमर उजाला जैसे समाचार संस्थानों से जुड़े रहे हैं। वे राजनीति, अपराध, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय जनसमस्याओं से जुड़ी खबरों के संपादन एवं प्रकाशन का कार्य करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक तथ्यात्मक, निष्पक्ष और विश्वसनीय समाचार पहुंचाना है। View all posts by सुनील चौहान →

संबंधित खबरें

WhatsApp