नागरिक अस्पताल में जल्द मिलेगी MRI और CT स्कैन की सुविधा, सरकार से मिली मंजूरी

On: September 13, 2026 9:01 AM
Follow Us:
रेवाड़ी नागरिक अस्तपाल
रेवाड़ी नागरिक अस्तपाल

रेवाड़ी (Best24News) नागरिक अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। अस्पताल में जल्द ही पीपीपी मोड पर एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। दोनों जांच सुविधाओं के लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। अब अस्पताल प्रशासन मशीनें लगाने के लिए परिसर में उपयुक्त जगह तलाश रहा है। स्थान तय होने के बाद मशीनें स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

अभी MRI के लिए निजी सेंटरों पर निर्भर मरीज

नागरिक अस्पताल में फिलहाल एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अस्पताल के डॉक्टर द्वारा एमआरआई जांच लिखे जाने पर मरीजों को निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में जाना पड़ता है। निजी सेंटरों में जांच का खर्च अधिक होने के कारण मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। अस्पताल में ही यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को बाहर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

एमआरआई और नई सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए अस्पताल परिसर में अलग-अलग स्थानों पर विचार किया जा रहा है। ट्रॉमा सेंटर में दोनों मशीनें स्थापित करने की संभावना भी देखी जा रही है। हालांकि अभी जगह को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। अस्पताल प्रशासन मरीजों की सुविधा और उपलब्ध स्थान को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेगा।

ट्रॉमा सेंटर में पहले से है CT स्कैन मशीन

ट्रॉमा सेंटर में फिलहाल एक सीटी स्कैन मशीन पहले से मौजूद है। अब पीपीपी मोड पर एक और सीटी स्कैन मशीन लगाने की तैयारी है। नई मशीन शुरू होने से जांच की क्षमता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को जांच के लिए बाहर भेजने की जरूरत कम हो सकती है।

गंभीर मरीजों को सबसे ज्यादा फायदा

एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा अस्पताल में शुरू होने का सबसे बड़ा लाभ दुर्घटना में घायल मरीजों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को मिलेगा। तत्काल जांच की जरूरत होने पर मरीजों को निजी सेंटर तक ले जाने में लगने वाला समय बचेगा। इससे डॉक्टरों को जांच रिपोर्ट जल्दी मिलने और उपचार शुरू करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही निजी सेंटरों पर निर्भरता कम होने से मरीजों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

डीएमएस डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि पीपीपी मोड पर एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन लगाने की मंजूरी मिल चुकी है। दोनों मशीनों के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। स्थान तय होते ही मशीनें लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now