रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी के कमालपुर निवासी जितेंद्र हत्याकांड की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी (ASP) दीपिका अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी ठेकेदार प्रवीन उर्फ पपला को अपनी पत्नी और अपने ही जिगरी दोस्त जितेंद्र के बीच अवैध संबंधों का शक था। इसी शक को पुख्ता करने के लिए प्रवीन ने अपने घर में गुप्त CCTV कैमरे लगवाए थे।
7 सितंबर को जब प्रवीन अपनी पत्नी को उसके मायके गांव जड़थल छोड़ने जा रहा था, तो रास्ते में उसने जितेंद्र से संबंधों को लेकर पूछताछ की। इस दौरान पत्नी ने जितेंद्र के साथ अपने अफेयर की बात स्वीकार कर ली। इस कबूलनामे के बाद ही प्रवीन के सिर पर खून सवार हो गया और उसने अपने ही दोस्त की हत्या की अंतिम पटकथा लिख डाली।
CCTV से खुला था अवैध राज
हत्या के बाद मृतक जितेंद्र के चाचा उत्तम सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में आरोप लगाया था कि वारदात से पहले प्रवीन ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी और उसका सिर फोड़ दिया था। पुलिस ने जब इस एंगल से जांच आगे बढ़ाई तो घर में लगे CCTV कैमरों और पारिवारिक विवाद का पूरा सच सामने आ गया।
एएसपी ने मामले की गहन जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन या पैसों के विवाद का कोई प्रमाण नहीं मिला है। हत्या का एकमात्र कारण अफेयर की रंजिश ही रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी को मायके छोड़ने के बाद प्रवीन सीधा जितेंद्र के पास पहुंचा। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। प्रवीन उसी समय उसकी हत्या करना चाहता था, लेकिन अकेले हिम्मत नहीं जुटा पाया।
इसके बाद उसने अपने भतीजे अमन को फोन करके बुलाया। फिर बीयर पिलाने के बहाने दोनों जितेंद्र को भाड़ावास रोड पर स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी के पास सुनसान जगह ले गए। वहां जैसे ही जितेंद्र पेशाब करने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा, प्रवीन ने पीछे से लोहे की रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
दोनो को लिया 3 दिन के रिमांड पर’ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीन उर्फ पपला और उसके भतीजे अमन को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, लोहे की रॉड और अन्य भौतिक साक्ष्य बरामद करेगी।













