रेवाड़ी (Best24News): ताइक्वांडो एमेच्योर एसोसिएशन ऑफ रेवाड़ी की ओर से सर्कुलर रोड स्थित विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित 21वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का सोमवार को समापन हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विधायक पे विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्र के बच्चों व युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत उन्हें सही मंच प्रदान करने की है। उन्होंने कहा, “ताइक्वांडो एमेच्योर एसोसिएशन जैसी संस्थाएं ग्रामीण व शहरी खेल प्रतिभाओं को निखारने में सराहनीय भूमिका निभा रही हैं। मार्शल आर्ट्स और ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत और अनुशासित बनाते हैं, बल्कि उनमें आत्मरक्षा (Self-Defense) का आत्मविश्वास भी भरते हैं।” विधायक ने सफल आयोजन के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आयोजकों व सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी।
धारूहेड़ा का विवेकानंद स्कूल का दबदबा
एसोसिएशन के सचिव एवं कोच दीपचंद ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय स्पर्धा में 15 स्कूलों और 2 कॉलेजों के 175 खिलाड़ियों ने अपना जौहर दिखाया।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों के नाम इस प्रकार है।
- प्रथम स्थान (Over All Champion): विवेकानंद स्कूल, धारूहेड़ा
- द्वितीय स्थान: राव खेमचंद विद्या विहार
- तृतीय स्थान: दी गैलेक्सी हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, करावरा मानकपुर
- चतुर्थ स्थान: राजकीय स्कूल (कुंड) एवं सरस्वती स्कूल (पटौदी)
- पांचवां स्थान: राजकीय महिला महाविद्यालय (गर्ल्स कॉलेज), सेक्टर-18 रेवाड़ी
ये रहे मौजूद: इस मौके पर ताइक्वांडो एमेच्योर एसोसिएशन के चेयरमैन एडवोकेट उत्तम सिंह, प्रेसिडेंट एडवोकेट निशांत यादव, कोषाध्यक्ष होशियार सिंह एडवोकेट, कोच व सचिव दीपचंद, स्कूल सचिव धीरज शर्मा और स्कूल प्रिंसिपल मंजू यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, कोच व विद्यार्थी उपस्थित रहे।












