अगस्त की शुरुआत के साथ हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और कृषि मौसम विशेषज्ञों के ताजा अनुमान के अनुसार आज 1 अगस्त से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इससे कई जिलों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं, जबकि 1 अगस्त को भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है।1 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में भी बरस सकते हैं बादल
रेवाड़ी, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, पलवल, नूंह, रोहतक, झज्जर, जींद, कैथल, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं सिरसा में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1 अगस्त की रात से पूर्वी दिशा से नमी वाली हवाएं उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते हरियाणा पहुंचेंगी। इसके प्रभाव से 2 अगस्त से 5 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का दौर शुरू होने के बाद दिन के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जबकि बादलों के कारण रात का तापमान हल्का बढ़ सकता है।खरीफ फसलों की खेती कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आ सकती है। खेतों में नमी बढ़ने से धान, बाजरा, कपास और अन्य फसलों को फायदा मिलेगा। यदि अनुमान के अनुसार अच्छी बारिश होती है तो सिंचाई की जरूरत भी कम हो सकती है।













