धारूहेड़ा: पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रेवाड़ी जिले के निकटवर्ती गांव नंदरामपुर बास (Nandrampur Bas) में पौधारोपण अभियान चलाया गया। शहीद नरेश की याद में शहीद स्मारक स्थल, बस स्टैंड व शनि मदिंर परिसर में (बरगद) और पीपल के 7 छायादार पौधे लगाए गए।
पंच सुरेश ने बताया कि पौधारोपण के दौरान ग्रामीणों व पर्यावरण प्रेमियों ने बताया कि बड़ और पीपल के पेड़ पर्यावरण के लिए सबसे अधिक लाभकारी माने जाते हैं। ये पेड़ 24 घंटे ऑक्सीजन देने के साथ-साथ भीषण गर्मी में राहगीरों और पशु-पक्षियों को घनी छाया प्रदान करते हैं। गांव के वातावरण को शुद्ध बनाने और गिरते जलस्तर को संभालने में ऐसे विशालकाय पेड़ काफी मददगार साबित होते हैं।
पौधे लगाने के साथ-साथ उपस्थित ग्रामीणों ने उनके संरक्षण का भी पूरा जिम्मा उठाया। पौधों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए उनके चारों ओर सुरक्षा ट्री-गार्ड (Tree Guard) लगाने और नियमित रूप से खाद व पानी देने का संकल्प लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि जब तक वे बड़े होकर पेड़ न बन जाएं, तब तक उनकी देखभाल करना बेहद ज़रूरी है।
इस मौके पर सुरेश कुमार, अजीत, सोनू, गुडू सैनी, रोहताश, बीनू, जयसिंह, लेखराम ने पोधारोपण किया तथा इनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।














