Rewari News: रेवाड़ी को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस के द्वारा सोमवार को एक व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर भी रखी गई। अचानक कोई इस कार्रवाई से नशा का अवैध कारोबार करने वाले लोगों में हलचल मच गई।
कई जगहों पर चला सघन अभियान
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में सीआईए कोसली, डॉग स्क्वॉड, थाना कोसली और थाना सदर रेवाड़ी की टीमों ने मिलकर कार्रवाई की। अभियान के तहत भाकली, बोडिया कमालपुर, मढ़िया खुर्द, गोकलगढ़, भोगल बस्ती, सहादत नगर मौड़ समेत कई क्षेत्रों और कोसली रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच की गई।
कई जगहों पर पड़ा छापा
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों ने सुबह के समय विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध मकानों, सार्वजनिक स्थलों और संभावित ठिकानों की गहन जांच की। तलाशी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की सहायता ली गई, जिनकी मदद से छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थों की तलाश की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी और कई स्थानों पर पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान न केवल नशा तस्करी पर रोक लगाने में मददगार साबित होते हैं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत करते हैं।
अभियान में थाना कोसली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, थाना सदर रेवाड़ी के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह, सीआईए कोसली के प्रभारी एसआई सुभाष चंद तथा डॉग स्क्वॉड की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सभी टीमों ने समन्वय के साथ विभिन्न क्षेत्रों में जांच को अंजाम दिया।
अवैध नशा के कारोबारी पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और जिले को नशामुक्त बनाना पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।













