धारूहेड़ा: सांसद आदर्श ग्राम खरखड़ा में महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न गांवों से आए सरपंचों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एक्सपोजर विजिट के दौरान गांव में संचालित विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान सरपंचों ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं का निरीक्षण कर उनकी सराहना की।Dharuhera News
सार्वजनिक सुविधाओं का किया दौरा : प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम सचिवालय, व्यायामशाला, खेल मैदान, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, शमशान घाट, चिल्ड्रन पार्क, स्वागत द्वार सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का दौरा किया और उनके संचालन की जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने की प्रसन्नता व्यक्त: भ्रमण के दौरान सरपंचों ने गांव में उपलब्ध स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बूस्टिंग स्टेशन, आईजीएल गैस पाइपलाइन, गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली, पक्की गलियों तथा मुख्य मार्गों के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। गांव की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित आधारभूत ढांचे और विकास योजनाओं को देखकर प्रतिनिधिमंडल ने प्रसन्नता व्यक्त की।

नई सोच विकसित होगी: सरपंचों ने कहा कि ग्राम पंचायत खरखड़ा द्वारा किए गए विकास कार्य अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इनसे ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में नई सोच विकसित होती है।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों के बीच ग्रामीण विकास, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा गांवों में बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

ग्राम पंचायत खरखड़ा की सरपंच सुशीला यादव ने सभी आगंतुक सरपंचों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी एक्सपोजर विजिट पंचायत प्रतिनिधियों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और नई योजनाओं को अपनाने का अवसर प्रदान करती हैं।

आर्दश गांव बना प्रेरणा: उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जनसहभागिता, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से खरखड़ा को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों में विकास कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प भी लिया।

सीसीटीवी ने सुलझाई चोरी की गुत्थी: गांव सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए है। हाल मे कुछ दिन पहले गांव मे एक सूने मकान में चोरो ने सेंध लगा दी तथा लाखों रूप्ए के गहने चोरी कर ले गए। गांव की गलियों में लगे कैमरो की सहायता से पुलिस ने चोरी की गुत्थी सुलझा दी है।













