Haryana News: हरियाणा के रोहतक से बड़ी खबर आ रही है। यहां गांव इस्माइला 9बी में एक गाय और नंदी कमरे की छत पर चढ़ गए। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो सभी एकत्रित हो गए और गोरक्षकों की टीम को मामले की जानकारी दी गई। सूचना के बाद गोरक्षकों की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से गाय और नंदी को रेस्क्यू किया।
जानकारी के मुताबिक, गोरक्षक दीपक ने बताया कि रविवार रात को गाय और नंदी सीढ़ियों के रास्ते कमरे की छत पर चढ़ गए थे। सुबह जब लोगों ने छत पर गाय और नंदी को देखा तो यह बात पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गोरक्षों को दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद गाय को सुरक्षित नीचे उतारा गया। वहीं जब नंदी को रेस्क्यू शुरू किया गया तो नंदी ने डर की वजह से छत से छलांग लगा दी। हालांकि, नंदी को कोई चोट नहीं लगी और वह ठीक है।

















