52 साल का इंतजार खत्म: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से कनीना को मिली 6.75 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड की सौगात

On: August 7, 2026 9:44 PM
Follow Us:
AARTI RAO HEALTH MINISTER

कनीना : करीब 52 वर्षों से क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था का आधार रहे कनीना बस स्टैंड की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने जा रही है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री एवं अटेली की विधायक आरती सिंह राव के प्रयासों से कनीना को 6 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत वाला अत्याधुनिक 6-बे बस स्टैंड मिलने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) ने ई-टेंडर जारी कर दिए हैं।

 

सरकार ने निर्माण कार्य 455 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कनीना का नया बस स्टैंड भी इसी विकास सोच का हिस्सा है, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।

 

1974 में बना था बस स्टैंड, अब मिलेगा आधुनिक स्वरूप’

कनीना बस स्टैंड का निर्माण 22 दिसंबर 1974 को शुरू हुआ था और 4 जून 1983 को इसका उद्घाटन किया गया। पिछले पांच दशकों में यात्रियों की बढ़ती संख्या और आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए नए बस स्टैंड की मांग लगातार उठ रही थी। अब स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से यह वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है।

 

दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ सहित अनेक रूटों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

कनीना बस स्टैंड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, राजस्थान, रेवाड़ी, नारनौल, दादरी, झज्जर, कोसली सहित अनेक प्रमुख रूटों पर यात्रा करते हैं। नया बस स्टैंड बनने के बाद बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक वातावरण मिलेगा। आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

प्रस्तावित 6-बे बस स्टैंड में विशाल प्रतीक्षालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आधुनिक टिकट काउंटर, स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा बसों के आगमन-प्रस्थान की सुव्यवस्थित व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव दोनों बेहतर होंगे।

ई-टेंडर से होगी पारदर्शिता, तय समय में पूरा होगा निर्माण

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए ऑनलाइन निविदाएं 20 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आमंत्रित की गई हैं, जबकि तकनीकी बोलियां 21 अगस्त को खोली जाएंगी। पूरी प्रक्रिया ई-टेंडरिंग के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी ताकि गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।

व्यापार और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

आरती सिंह राव ने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे कनीना और आसपास के क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। बेहतर परिवहन व्यवस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यावसायिक गतिविधियों को भी मजबूती देगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि कनीना का नया आधुनिक बस स्टैंड आने वाले वर्षों में क्षेत्र की नई पहचान बनेगा और महेंद्रगढ़ जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now

और पढ़ें