रेवाड़ी (Best24News) कसौला थाना पुलिस ने गांव गुजरीवास में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के गांव बोडाकी चमरावली निवासी इन्द्रजीत भाटी के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में रेवाड़ी के गांव कारनावास में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
11 सिंतबर को मारी थी रेड: पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को CIA रेवाड़ी को सूचना मिली थी कि गांव गुजरीवास में रिशाल उर्फ मोनू के खेत में बने एक प्लाट में खड़ी पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भंडारण किया गया है। सूचना के बाद पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक दीपक कुमार को साथ लेकर मौके पर जांच की। वहां से 5 बड़े ड्रम और 2 प्लास्टिक कैन में करीब 730 लीटर पेट्रोल और 440 लीटर डीजल बरामद किया गया। इसके अलावा 2 छोटी मोटर, पाइप और 2 बड़े कीप भी पुलिस ने बरामद किए।
इंद्रजीत भाटी को लिया रिमांड पर: बता दे कि पुलिस जांच के दौरान मामले में इन्द्रजीत भाटी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद कसौला थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।












