बावल (Best24News) रेवाड़ी के बावल थाना पुलिस ने जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार कर 12 लाख रुपए एडवांस लेने और बाद में जमीन की रजिस्ट्री करने से इनकार करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कबूल उर्फ कमल सिंह निवासी सुबासेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जमीन की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी सहित पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह करीब एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।
2025 में किया था इकरारनाम: बावल थाना पुलिस को दी शिकायत में बलवान सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी शाहपुर, तहसील बावल, करन सिंह पुत्र कलूराम और अन्य ने बताया कि 19 अप्रैल 2025 को आरोपी ने उनके नाम जमीन का इकरारनामा किया था। इकरारनामे में जमीन का सौदा करीब 98 लाख रुपए में तय होना बताया गया था। शिकायतकर्ताओं के अनुसार उन्होंने 12 लाख रुपए एडवांस दिए, जिसमें 10 लाख रुपए चेक के माध्यम से दिए गए थे। बाद में जब उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी ने रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया।

फर्जी मालिक निकाला 5 मामलों में वांछित: बता दे कि बाद में आरोपी ने इकरारनामा फर्जी बताते हुए जमीन का मालिक होने से भी इनकार कर दिया। पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक जिस जमीन को आरोपी बेचने का सौदा कर रहा था, वह उसका मालिक नहीं था। आरोप है कि उसने खुद को जमीन का मालिक बताकर लोगों को जमीन खरीदने के लिए तैयार किया और वास्तविक मालिक की जमीन से संबंधित फर्जी इकरारनामा तैयार कर दिया। पुलिस जांच में आरोपी के पांच-छह मामलों में वांछित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक मामले में उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है, जबकि एक मामले में सजा होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस ने खोला राज: थाना प्रभारी रणबीर के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुछ मामले बावल थाना क्षेत्र में हैं और एक मामला कोटकासिम कोर्ट से संबंधित बताया गया है। आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अब इकरारनामे, जमीन के दस्तावेज और रुपए के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।











