हरियाणा (Best24News) मानसून की सक्रियता अब कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा 19 सितंबर को राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलौदी और खाजूवाला तक पहुंच गई है। राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने की संभावना है। पूर्वी हवाओं की जगह पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां कम रहने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने फिलहाल अंबाला और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून की सक्रियता घटने के साथ इसकी वापसी की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की संभावना है। 25 सितंबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने के साथ मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। 20 सितंबर को प्रदेश के लिए मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हिसार में सबसे ज्यादा तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिसार में सबसे अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। भिवानी में 35.5, अंबाला में 35.4, सिरसा में 35.5 और महेंद्रगढ़ में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। यमुनानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 25.3, हिसार में 25.0, करनाल में 24.6 और नारनौल में 24.5 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान रिकॉर्ड हुआ।












