रेवाड़ी: शिक्षक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की रेवाड़ी इकाई द्वारा लक्षित करियर इंस्टीट्यूट, रेवाड़ी में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महंत कृष्णनाथ जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक राम अवतार गौतम जी तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. आर. बी. यादव ने की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े 16 शिक्षकों को डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में श्रीमती श्रुति शर्मा, श्रीमती उषा रोस्तोगी, श्री प्रवीण मेहता, श्री खुशी, श्री अतुल बत्रा, श्री नवीन अदलखा, श्री अनिल मखीजा, श्री होशियार सिंह, श्री जयभगवान सहित लक्षित कैरियर इंस्टिट्यूट के शिक्षक शामिल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आर. बी. यादव ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ-साथ राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिस देश में शिक्षक विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा और संस्कार प्रदान करते हैं, वह देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

श्री राम अवतार गौतम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करते हुए उपस्थित लोगों को संघ की 100 वर्षों की यात्रा, समाज निर्माण में उसकी भूमिका तथा पांच परिवर्तन के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी जीवन शैली, नागरिक कर्तव्य एवं सामाजिक समरसता जैसे विषयों को समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा सभी से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महंत कृष्णनाथ जी का आशीर्वचन भी प्राप्त हुआ। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज और राष्ट्र के उत्थान में शिक्षा एवं संस्कारों की भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में लक्षित करियर अकादमी के निदेशक श्री अरुण जी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अध्यक्ष, सम्मानित शिक्षकों तथा उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष श्री विपिन ढींगरा, जिला सचिव श्री धीरज शर्मा, जिला संगठन मंत्री श्री कृष्णा, श्री बिहारी लाल, श्री शिवकुमार, श्री राम किशोर सैनी, श्री रमेश सचदेवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षकों के योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना तथा शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाना रहा।












