
भिवाड़ी: समस्त श्याम परिवार भिवाड़ी एवं गुडफेथ प्रॉपर्टीज के तत्वावधान में (Bhiwadi News) रविवार को यूआईटी सेक्टर-5 भिवाड़ी से तावडू स्थित श्याम मंदिर तक 3131 फुट लंबी भव्य निशान पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ प्रातः आचार्य नरेश शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात किया गया।
पदयात्रा में सैकड़ों श्याम भक्त भजनों की मधुर धुनों पर नाचते-गाते हुए विशाल ध्वजा के साथ पैदल चले। “जय श्री श्याम” के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ये भी पढ़ें:Haryana News: मतदाताओं को नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, जानिए क्या करना होगा ?

निशान पदयात्रा यूआईटी सेक्टर-5 से प्रारंभ होकर हेतराम चौक, मंशा चौक, भिवाड़ी मोड़, समतल चौक, फूलबाग, खोरी बैरियर, खोरी कला, निजामपुर सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए तावडू स्थित श्याम मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस धार्मिक आयोजन में भिवाड़ी के साथ-साथ धारूहेड़ा, टपूकड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया। आयोजक जगपाल सिंह एवं इंद्रजीत सिंह मोनू ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य श्रद्धा, सेवा और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करना है।
ये भी पढ़ें:Good News : इन किसानों को प्रति एकड मिलेगा 1200 रूपए , बस ये करना होगा काम
श्याम मंदिर तावडू पहुंचने पर श्री श्याम सरकार मित्र मंडल एवं स्थानीय श्याम प्रेमियों द्वारा निशान पदयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के समापन के उपरांत तावडू के एक निजी स्कूल परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
