रेवाड़ी (Best24News): पुलिस अधीक्षक (SP) रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) ने गुरुवार को थाना शहर रेवाड़ी का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा मापदंडों और लंबित मुकदमों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, चौकी इंचार्ज गोकल गेट, भाड़ावास गेट, जगन गेट, कानोड़ गेट तथा थाने के मुंशी, मालखाना मोहरर व सभी अनुसंधान अधिकारी मौजूद रहे।
थाने के रिकॉर्ड, बैरक व मालखाने का लिया जायजा: एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने थाना परिसर के भ्रमण के दौरान थाने की मेस, बैरक, कंप्यूटर रूम, मालखाना, हवालात व पूरे थाना परिसर का बारीक निरीक्षण किया। थानों के रजिस्टरों और फाइलों की स्थिति जांची और पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। थाना परिसर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी।
लंबित मुकदमों के निस्तारण जरूरी: अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि थाने में दर्ज मुकदमों में जांच की गति बढ़ाई जाए और किसी भी केस को बेवजह पेंडिंग न रखा जाए। पीओ (Proclaimed Offenders) और बेल जंपर अपराधियों को अभियान चलाकर शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। मालखाने में खड़े पेंडिंग वाहनों और सामान के कानूनी निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

“जनता से मधुर व्यवहार करें, अपराधियों में हो कानून का खौफ”
पुलिस का प्रथम कर्तव्य जनता की सुरक्षा और सहायता करना है। थाने में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुना जाए और उसे त्वरित न्याय दिलाया जाए। आमजन के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम जनता में विश्वास और अपराधियों में कानून का डर पैदा हो।”
भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त चेतावनी: एसपी ने कहा कि निरंतर गश्त बढ़ाकर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाए। कोई भी आपराधिक घटना होने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।














