रेवाड़ी: रोटरी इंटरनेशनल की वर्ष 2026–27 की थीम “Create Lasting Impact” के अंतर्गत रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन द्वारा आरपीएस बीएमजी इंटरनेशनल में मेगा प्लांट्स डिस्ट्रीब्यूशन कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को 600 से अधिक पौधों का वितरण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीजेएम डॉ. रेणु सोलखे ने क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी से पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस परियोजना का सफल संचालन प्रोजेक्ट चेयरपर्सन रोटेरियन अनुराधा सैनी ने क्लब अध्यक्ष रोटेरियन रुचि चौहान के नेतृत्व तथा मानद सचिव रोटेरियन आरती अरोड़ा एवं क्लब सदस्यों के सहयोग से किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रोटेरियन रुचि चौहान ने कहा कि “आज लगाया गया प्रत्येक पौधा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आइए, हम सभी मिलकर प्रकृति का संरक्षण करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ें।”
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं सतत वृक्षारोपण अभियान में निरंतर योगदान के लिए रोटेरियन अनुराधा सैनी एवं अपना मन टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने के लिए क्लब ने आरपीएस बीएमजी इंटरनेशनल की प्राचार्या श्रीमती प्रीति लांबा, श्रीमती अंजू यादव जी, रोटेरियन जे.पी. चौहान, रोटेरियन मनीष, रोटेरियन सुमन यादव, रोटेरियन नवीन अडलखा, रोटेरियन वेद प्रकाश कथूरिया, रोटेरियन राजबाला जी, श्री अश्विनी जी तथा रोटेरियन दिनेश लखेरा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

क्लब ने मुख्य अतिथि डॉ. रेणु सोलखे, आरपीएस बीएमजी इंटरनेशनल प्रबंधन, सभी रोटेरियन्स, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का भी इस अभियान को सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
अंत में रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी “Create Lasting Impact” की भावना के अनुरूप ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।













