Mahendragarh News: ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर क्राइम पुलिस के द्वारा आगे रफ्तार किया गया है। आरोपियों पर टेलीग्राम और गूगल मैप के माध्यम से पार्ट टाइम का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप लगा है।
राजस्थान से पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार (Mahendragarh News)
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के चैनगढ़ गांव निवासी विकास और सीकर जिले के पिपराली निवासी राहुल के रूप में हुई है। इन दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पार्ट टाइम जॉब के नाम पर हुई ठगी
जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों को आसान कमाई का झांसा देकर कुल 10 लाख 34 हजार 263 रुपये की ठगी की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही 16 मई को एक अन्य आरोपी भारत सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि विकास और राहुल ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों के माध्यम से आगे मुख्य आरोपियों तक पहुंचाने का काम करते थे। इसके बदले वे निर्धारित कमीशन प्राप्त करते थे।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी राहुल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ राजस्थान में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह दिल्ली में दर्ज एक साइबर धोखाधड़ी के मामले में भी वांछित बताया जा रहा है।
साइबर क्राइम पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।













