Haryana New Sectors: हरियाणा में आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत क्षेत्र के विकास के लिए अतिरिक्त जमीन का इंतजाम करने में लगी Haryana सरकार ने योजना को तेजी से सिरे चढ़ाना शुरू कर दिया है। पहले चरण में 71 शहरों में एक लाख 67 हजार एकड़ में जमीन खरीदने के लिए किसानों से आवेदन मांग चुकी सरकार ने अब दूसरे चरण में 13 शहरों में नए सेक्टर बसाने के लिए 33 हजार एकड़ जमीन खरीद का काम शुरू कर दिया है।
31 अगस्त तक आवेदन
परियोजनाओं के लिए जमीन देने के इच्छुक किसान और भूमि मालिक ई-भूमि पोर्टल पर 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण http://ebhoomi.jamabandi.nic.in पर मिले आवेदनों के माध्यम से यह जमीन खरीदेगा। गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर, पंचकूला के रायपुररानी, कैथल, नूंह, हिसार, बरवाला, टोहाना, डबवाली, सोनीपत, आरोग्य धाम बाढ़सा, बेरी, महम और मतलौडा में यह जमीन खरीदी जाएगी।
सोनीपत के गढ़ शहजानपुर, रायपुर, फाजिलपुर, जवाहरी, सोनीपत पट्टी मुस्लमान, रेवली, देवडू, मुरथल, बैयांपुर, वंदेपुर, हरसाना कलां, लहराड़ा, राठधाना, शादीपुर, अहमदपुर, सुल्तानपुर, जोशी जाट, लिवान, अकबरपुर बारोटा, जठेड़ी, प्रीतमपुरा, नांगल कलां, अटेरना, रसोई, बढ़ खालसा, पतला, जाखौली, अस्सावरपुर, खेवड़ा, खटकड़, सेरसा, सेवली, बहालगढ़, जौशी चौहान, दियालपुर, हसामाबाद, किशोरा, मुरशदपुर, कमासपुर, नांगल खुर्द, हसनपुर, सोनीपत पट्टी जाटान और जांटी कलां में 18102.11 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 13 अलग अलग शहरों में 41 नये सेक्टर विकसित करने का ऐलान किया। इसके लिए ई-भूमि पोर्टल और लैंड पूलिंग योजना के तहत जमीन खरीदने का काम चल रहा है। गुरुग्राम, पटौदी और फर्रुखनगर ब्लॉक में इन सेक्टरों का अधिग्रहण होगा। इसके लिए एचएसवीपी ने जमीन मालिकों से ई-भूमि या लैंड पूलिंग स्कीम के तहत उनकी सहमति मांगी थी। अब सेक्टोरल प्लान भेजने के बाद प्रक्रिया गति पकड़ेगी।
चारों ब्लॉक में विकसित होने हैं सेक्टर
नए सेक्टरों के विकास के लिए गुरुग्राम, पटौदी, सोहना और फर्रुखनगर के लिए प्लानिंग बनाई गई है। गुरुग्राम में 36ए, 37, सेक्टर-68, 69, 70 के साथ फर्रुखनगर में सेक्टर-3, पटौदी में सेक्टर-2,3, 4 और सोहना में सेक्टर-32, 33 का विकास होना है। यह सेक्टर शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए जाएंगे जो कि एस्टेट ऑफिस एक के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
रिहायशी होंगे प्लॉट
प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि 41 नए सेक्टर में जो प्लॉट दिए जाएंगे वह रिहायशी होंगे। इन रिहायशी सेक्टरों में कामर्शियल मार्केट के साथ ही इंस्टीट्यूशनल साइट्स के लिए भी प्लॉट दिए जाएंगे।
नीलामी के द्वारा दिए जाएंगे प्लॉट
हरियाणा सरकार ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक के एक प्रश्न के जवाब में यह साफ कर दिया है कि अब इन सेक्टरों में ड्रॉ के जरिए नहीं, बल्कि नीलामी के द्वारा लोगों को इन नए सेक्टरों में प्लॉट दिए जाएंगे।
पंचकूला से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले पंचकूला के कोट-बिल्ला शहरी परिसर विकास योजना के सेक्टर-14, 16 व 22 तथा पिंजौर-कालका शहरी विकास योजना के सेक्टर-31 को विकसित किया जाएगा।
सरकार से मोलभाव कर सकेगा किसान
भूमि विवाद खत्म करने के लिए सरकार ने पालिसी में बदलाव किया है, जिसके तहत जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। अब जमीन किसानों की मर्जी से उनकी मुंहमांगी कीमत पर खरीदी जाएगी। प्रदेश सरकार को जमीन और भू-स्वामी द्वारा पेशकश किए गए रेट पसंद आएंगे तो इसे खरीद लिया जाएगा। विभिन्न मामलों में जमीन का मोलभाव करना भी संभव हो सकेगा।
ऐसे हो रहा है भूमि का प्रबंध
सभी नए सेक्टरों के लिए सरकार ई-भूमि पोर्टल के जरिये जमीन का प्रबंध कर रही है। इन सेक्टरों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विकसित करेगा। संसदीय कार्य मामले मंत्री महीपाल सिंह ढांडा ने कहा कि समय-समय पर नीतियों में बदलाव होता रहता है। उन्होंने ये भी साफ किया कि नए सेक्टर में जो प्लॉट अलॉट होंगे उनका ड्रॉ नहीं निकाला जाएगा।














