
रेवाड़ी। बावल क्षेत्र में तीन शराब ठेकों पर हथियार दिखाकर लूटपाट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए धारूहेड़ा और थाना बावल पुलिस की संयुक्त टीम ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर लोकेश निवासी सहमत नगर, जिला खैरथल-तिजारा राजस्थान और करण उर्फ डोगा निवासी गांव रानोली को काबू किया।
DSP संजीव बल्हारा ने बताया कि 7 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव पावटी, किशनपुर और नांगल उगरा स्थित शराब ठेकों पर दो गाड़ियों और दो बाइकों पर सवार होकर आए करीब 8 से 10 युवकों ने वारदात की है। आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और हथियारों के दम पर सेल्समैनों को डराया-धमकाया। इस दौरान बियर की पेटियां लूटने के साथ पेटीएम मशीन और अन्य सामान में तोड़फोड़ की गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए।
शराब ठेका ग्रुप के संचालक अलावलपुर निवासी सुरेंद्र की शिकायत पर बावल थाना पुलिस ने मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने नाकाबंदी, तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी IGU के दो प्रोफेसर दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल
पुलिस के अनुसार, करण उर्फ डोगा के खिलाफ बावल थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज है, जबकि लोकेश के खिलाफ राजस्थान के तिजारा थाने में चोरी का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल वाहनों, हथियारों और लूटे गए सामान की बरामदगी के साथ अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें:फसल बीमा राशि को लेकर रेवाड़ी किसान यूनियन का प्रदर्शन का अल्टीमेटम
