धारूहेड़ा (Best24News): दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर निखरी के पास एक तेज रफ्तार केंटर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस घटना के दौरान एक बड़ा हादसा होने से बच गया, जब पास से गुजर रहा एक बाइक सवार केंटर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक पूरी तरह ठप्प हो गया।

सूचना मिलते ही यातायात (ट्रैफिक) पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त केंटर को हाईवे के बीच से हटवाकर किनारे करवाया और यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया। पुलिस ने बताया कि केंटर की रफ्तार तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
हालांकि, केंटर के पलटते ही पास से निकल रहे बाइक सवार ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते बाइक को साइड में कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। हाईवे पर क्रेन की सहायता से केंटर को हटाया गया। जिसके चलते हाईवे पर करीब आधा घंटा जाम लगा रहा। यातायात प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने ही टीम पहुंच गई थी। कोई जनहानी नही है। केंटर को हाईवे से हटा दिया गया है और अब यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।













