रेवाड़ी में तेल के अवैध कारोबार का मामला एक बार फिर सामने आया है। तेल तस्करी और अवैध भंडारण के मामलों में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद यह कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है। रेवाड़ी क्राइम ब्रांच और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में छापेमारी कर करीब 4000 लीटर तेल बरामद किया है। पुलिस ने तेल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस को भवाड़ी में अवैध रूप से तेल की बिक्री और भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

15 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
तेल डिपो क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस की करीब 15 दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले करनावास क्षेत्र में पुलिस ने तेल चोरी और अवैध भंडारण से जुड़े मामले में कार्रवाई की थी। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि टैंकर और अन्य वाहनों के चालकों से मिलीभगत कर तेल निकालकर उसे राजस्थान में बेचने का खेल किया जाता है। हालांकि, भवाड़ी से बरामद तेल किस स्रोत से आया और इसे कहां भेजा जाना था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।
बरामद तेल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भवाड़ी से बरामद करीब 4000 लीटर तेल कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में तेल के भंडारण को देखते हुए पुलिस इसके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। तेल डिपो क्षेत्र में पहले भी अवैध तेल कारोबार के मामले सामने आ चुके हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके बावजूद कुछ समय बाद दोबारा इस तरह का मामला सामने आने से पुलिस की कार्रवाई और तेल के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
छापेमारी में पुलिस ने करीब 4 हजार लीटर अवैध तेल बरामद किया है। जिसमें 9 ड्रम में 2100 लीटर पेट्रोल, 2 ड्रम में 540 लीटर डीजल व 6 ड्रम में करीब 1300 लीटर थीनर मिला है। वहीं 26 बड़े खाली ड्रम बरामद हुए हैं। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस को आशंका है कि इन डिपो से निकलने वाले तेल टैंकरों से तेल चोरी कर अवैध रूप से आगे बेचा जा रहा है। बरामद तेल को लेकर भी पुलिस इसी दिशा में जांच कर रही है।













