कोसली, 20 सितंबर। शनिवार रात को गाँव गुड़ियानी के मेन बस स्टैंड पर स्थित माता चौक पर माता मंदिर कमेटी एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से चौगान माता जागरण तथा रविवार को देसी घी के भंडारे का आयोजन किया गया। माता रानी के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जागरण का शुभारंभ मुख्य अतिथि अजय यादव उर्फ बल्ला ने फीता काटकर किया। आयोजकों ने मुख्य अतिथि को माता रानी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। शुभारंभ के साथ ही माता के जयघोष से पूरा माता चौक गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ माता के दरबार में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
जागरण में कलाकारों ने चौगानन माता की महिमा का गुणगान करते हुए शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। पं. धर्मवीर शर्मा, पिंकी शर्मा, पूजा सैनी, अमीषा चौहान, मुस्कान आर्य एवं केवल मास्टर ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। माता के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते और माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए।
जागरण के अगले दिन आयोजित देसी घी के भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में दूर-दराज से पहुंचे भक्तों के साथ स्थानीय लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और व्यवस्था संभाली। भंडारे के दौरान माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में बाबा मंजेश नाथ जी महाराज का आशीर्वाद रहा। अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर ठेकेदार सुरेंद्र पंच, नरेश भारद्वाज, ईश्वर चेयरमैन, ठेकेदार नरेश सैनी, मास्टर धर्मवीर शर्मा, अजीत चेयरमैन, कैप्टन राजेश यादव और सरपंच नरेंद्र कुमार लंबू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में मंगल बाऊजी, रमेश पंच, सूबे सिंह, संजय जांगड़ा, रामेहर वर्मा, बिल्लू प्रजापत, बब्लू पंच, रोहतास, दिनेश पंच, बिजेंद्र, विजय, जितेंद्र, अजीत, रघुबीर सिंह यादव, बलवंत सहित माता मंदिर कमेटी के सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। सभी ने जागरण और भंडारे की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।













