रेवाड़ी: जिला बार एसोसिएशन रेवाड़ी में बुधवार को बार रूम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी और उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा जाएगा। सौरभ यादव दूसरी बार प्रधान पद की शपथ लेंगे।
चुनाव अधिकारी रहे एडवोकेट अश्विनी तिवारी ने बताया कि बुधवार को बार रूम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के सदस्य, अधिवक्ता और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थक मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण के बाद नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेगी। समारोह के दौरान अधिवक्ताओं की समस्याओं, बार के विकास और सदस्यों के हित में आगे की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सौरभ यादव दूसरी बार बने प्रधान: हाल ही में हुए चुनाव में सौरभ यादव प्रधान निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने निवर्तमान प्रधान विश्वामित्र यादव को 407 वोटों के अंतर से हराया था। सौरभ यादव को 1140 वोट मिले, जबकि विश्वामित्र यादव को 733 और प्रेमपाल सिंह को 37 वोट प्राप्त हुए। उपप्रधान पद पर अरुण यादव, महिला उपप्रधान पद पर भागेश, सचिव पद पर विशाल यादव, सह सचिव पद पर नीरू यादव और कोषाध्यक्ष पद पर महेश निर्वाचित हुए हैं।











