रेवाड़ी नगर परिषद में उपचेयरमैन चुनाव की तैयारी तेज, 24 सितंबर को बैठक संभव

On: September 13, 2026 8:04 AM
Follow Us:
REWARI NPA
रेवाड़ी नगर परिषद

रेवाड़ी। धारूहेड़ा नगर पालिका में उपचेयरमैन  चुने जाने के बाद अब रेवाड़ी नगर परिषद में भी  उपचेयरमैनके चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी माह चुनाव होने की संभावना है। इसके लिए 24 सितंबर को हाउस की बैठक बुलाने की तैयारी चल रही है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राव इंद्रजीत सिंह और एंटी राव खेमे की सियासी सक्रियता बढ़ गई है। दोनों खेमे अपने पसंदीदा पार्षद को उपप्रधान की कुर्सी तक पहुंचाने के लिए पार्षदों के बीच समीकरण साधने में जुटे हैं।

30 जून के बाद बदले सियासी समीकरण

30 जून को बावल स्थित एचएयू कॉलेज में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली हुई थी। इस कार्यक्रम से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, तीनों विधायकों और भाजपा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की दूरी चर्चा में रही थी। इसके बाद क्षेत्र की भाजपा राजनीति में सियासी समीकरणों में बदलाव के संकेत दिखाई दिए। बाद के कार्यक्रमों में भी इन समीकरणों की झलक देखने को मिली।

मेघवाल समाज के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के साथ मंच पर राव नरबीर सिंह की मौजूदगी चर्चा में रही। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका के उपप्रधान चुनाव में संगठन से जुड़े राव इंद्रपाल के भतीजे अमन राव को उम्मीदवार बनाया गया। अमन राव 31 अगस्त को सर्वसम्मति से उपप्रधान चुने गए। अब रेवाड़ी नगर परिषद के चुनाव में भी भाजपा के दोनों खेमों की सक्रियता बढ़ गई है।

निहाल और चेतराम  के नाम चर्चा में

उपचेयरमैन चुनाव को लेकर राव इंद्रजीत सिंह और एंटी राव खेमा अपने-अपने स्तर पर समर्थन जुटाने में लगे हैं। एक खेमा राव इंद्रजीत सिंह के करीबी चेहरे को आगे बढ़ाने की कोशिश में है, जबकि दूसरा संगठन से जुड़े चेहरे के पक्ष में पार्षदों को साधने में जुटा है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों खेमों की ओर से संभावित चेहरों के नाम तय किए जाने की चर्चा है। इनमें निहाल सिंह और चेतराम सैनी के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला भाजपा संगठन और पार्टी नेतृत्व की सहमति के बाद ही होगा। यह भी संभावना है कि दोनों खेमों के दावेदारों से अलग किसी तीसरे चेहरे पर सहमति बन जाए।

10 मई को हुए थे नगर परिषद के चुनाव

रेवाड़ी नगर परिषद के चुनाव 10 मई को हुए थे और 13 मई को मतगणना हुई थी। इसमें विनिता पीपल ने चेयरपर्सन पद पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने राव इंद्रजीत सिंह की सिफारिश पर उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने 1 जून को शपथ ली थी। वहीं धारूहेड़ा में अजय जांगड़ा ने जीत दर्ज की थी और 6 जुलाई को शपथ ली थी। दोनों की शपथ के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे थे।

धारूहेड़ा में अमन राव के सर्वसम्मति से उपचेयरमैन चुने जाने के बाद अब सभी की नजरें रेवाड़ी नगर परिषद के उपप्रधान चुनाव पर टिकी हैं। भाजपा संगठन किस चेहरे पर दांव लगाता है और दोनों खेमों के बीच चल रही सियासी खींचतान में किस पार्षद के पक्ष में बहुमत बनता है, यह चुनाव के दौरान ही स्पष्ट होगा।

Harsh Chauhan

मेरा नाम हर्ष चौहान है। मैं Best24News में कंटेंट राइटर के लगभग 4 सालों से काम रहा हूँ । मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगों तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now