एशियन गेम्स 2026 (Best24News): 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया (जापान) 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) ने भारतीय एथलेटिक्स दल की घोषणा कर दी है। इस बार भारत का अब तक का सबसे बड़ा 77 सदस्यीय दल मैदान में उतरेगा, जिसमें 34 पुरुष और 43 महिला एथलीट शामिल हैं। भारतीय टीम का लक्ष्य हांगझोऊ एशियन गेम्स के 29 पदकों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ना होगा।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान और खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ (फरीदाबाद) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह खेल महाकुंभ 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान में आयोजित किया जाएगा।
एथलेटिक्स हरियाणा के ये 10 जांबाज एथलीट दिखाएंगे अपना जौहर
भारतीय दल में हरियाणा के 10 उत्कृष्ट खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए उतरेंगे जिनके नाम यहां पर दिखाए गए है।
- तमन्ना (जींद): 4×100 मीटर रिले और मिक्स्ड रिले
- कृष्ण कुमार (भिवानी): 800 मीटर दौड़
- यशवीर सिंह (भिवानी): जेवलिन थ्रो (भाला फेंक)
- पूजा (फतेहाबाद): 800 मीटर व 1500 मीटर दौड़
- किरण पहल (सोनीपत): 400 मीटर दौड़ और 4×400 मीटर रिले रेस
- सीमा कालीरमन (भिवानी): डिस्कस थ्रो
- पूजा (फतेहाबाद): हाई जंप
- मनप्रीत कौर (अंबाला): शॉट पुट (गोला फेंक)
- पूजा (चरखी दादरी): हेप्टाथलॉन इवेंट
- सान्या यादव (महेंद्रगढ़): डिस्कस थ्रो
भारतीय दल की संरचना और मुख्य सितारे
सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के विजेताओं और प्रतिभागियों से सजी इस भारतीय टीम में विश्वस्तरीय सितारे शामिल हैं, जिनमें सीमा कालीरमण, यशवीर सिंह, अविनाश साबले, पारुल चौधरी, ज्योति याराजी और शैली सिंह प्रमुख हैं।
पुरुष वर्ग (34 खिलाड़ी): 18 ट्रैक इवेंट में और 16 फील्ड इवेंट में भाग लेंगे।
महिला वर्ग (43 खिलाड़ी): 15 ट्रैक इवेंट, 15 फील्ड इवेंट और 13 रिले व कंबाइंड इवेंट में अपना कौशल दिखाएंगी।











