रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी-नारनौल रेलवे ट्रैक पर शास्त्री नगर डबल फाटक के पास मंगलवार को मिली कटी हुई हथेली का रहस्य राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने सुलझा लिया है। जीआरपी की जांच में सामने आया है कि यह हथेली शहर के गुलाबी बाग निवासी 30 वर्षीय रामेश्वर की है, जो नशे की हालत में ट्रेन की चपेट में आ गया था। फिलहाल उसका इलाज जयुपर में जारी है।
घंटों चला तलाश अभियान: बता दें कि मंगलवार को शास्त्री नगर फाटक के पास से गुजर रहे राहगीरों ने रेलवे ट्रैक पर एक मानव हथेली पड़ी देखी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। उसने सूचना पर तुरंत पहुंची जीआरपी टीम को दी। टीम मौके पर पहुंची तथा हथेली को कब्जे में लिया और धड़ या शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश में रेलवे लाइन के दोनों ओर झाड़ियों व गड्ढों में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उस दिन कुछ नही मिला।
जयपुर में चल रहा है इलाज
तलाश अभियान के दौरान ही पुलिस को सूचना मिली कि गुलाबी बाग निवासी रामेश्वर ट्रेन हादसे का शिकार हुआ है। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए ले गए थे, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक की पहचान होते ही जीआरपी ने उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के जयपुर में होने के कारण हथेली को फिलहाल नागरिक अस्पताल की मोर्चरी (Mortuary) में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
ब्यान का इंतजार: जांच अधिकारी अनीता ने बताया कि घायल युवक के परिजनों से संपर्क साध लिया गया है। पुलिस जल्द ही जयपुर जाकर या परिजनों के वापस लौटने पर युवक के बयान दर्ज करेगी। बयानों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।












